जिलाध्यक्ष अमर सिंह मरकाम बोले- संविधान की 5वीं-6वीं अनुसूची लागू न करने से आदिवासी उपेक्षित, संविधान के अधिकार न मिले तो आंदोलन तेज होगा
सोनभद्र। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवामोर्चा जिला इकाई सोनभद्र के तत्वाधान में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष युवामोर्चा अमर सिंह मरकाम ने की और संचालन जिला मीडिया प्रभारी रामरतन केराम ने किया। इस दौरान राज्यपाल व मुख्यमंत्री को संबोधित 32 सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया।
मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष युवामोर्चा एडवोकेट संतोष कुमार सेन और विशिष्ट अतिथि प्रदेश महासचिव रमाशंकर पोया, जिलाध्यक्ष रामनरेश पोया मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने कहा कि सोनभद्र आदिवासी-अनुसूचित जनजाति बहुल जिला है, फिर भी शासन-प्रशासन संविधान की 5वीं व 6वीं अनुसूची लागू नहीं कर रहा। विकास के नाम पर मूल निवासियों व आदिवासियों का विनाश हो रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और न्याय से वंचित किया जा रहा है। यदि संवैधानिक अधिकार नहीं मिले तो कलेक्ट्रेट के साथ प्रदेश व देश की राजधानी में धरना-घेराव किया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि रमाशंकर पोया ने कहा कि बाहरी दबंग-माफियाओं की वजह से जिला पिछड़ा है, अब बर्दाश्त नहीं होगा। जिलाध्यक्ष रामनरेश पोया ने वनाधिकार दावा फार्म गलत निरस्त करने पर नाराजगी जताई और अधिभोग प्रमाण पत्र व नल-जल योजना घर-घर पहुंचाने की मांग की। महिला मोर्चा अध्यक्ष आशा देवी मरकाम व उपाध्यक्ष परमीला देवी अरमो ने वन विभाग की मनमानी व अमवार चौकी पुलिस द्वारा आदिवासी बच्चों से मारपीट पर कार्रवाई की मांग की, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी।
कार्यक्रम में इन्द्रावती कोरचो, ज्ञानी सिंह पोया, सत्या साह मरकाम, अयोध्या प्रसाद, विजेन्द्र भूइंया, विनय कुमार ओइके, राजबली पोया, गणेश कुमार, संजय प्रकाश पोया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।






