भीषण आग मे घर सहित तीन बाइक और चार साइकिल जलकर खाक

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- सोनभद्र में अग्निकांड से लाखों का नुकसान, परिवार की पूरी गृहस्थी मिनटों में हुई स्वाहा

गुरमा (सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश चोपन थाना क्षेत्र के सलखन बरवां टोला में देर रात एक दर्दनाक अग्निकांड ने एक परिवार को सड़क पर ला दिया। आधी रात के बाद अचानक कच्चे मकान में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि घर में खड़ी तीन मोटरसाइकिल, चार साइकिल और पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सलखन बरवां टोला निवासी रविंदर बिंद के घर में रात लगभग एक बजे अचानक आग लग गई। घटना के समय रविंदर के माता-पिता इलाज के लिए वाराणसी गए हुए थे, जबकि घर में उनका पुत्र अकेला मौजूद था। युवक ने बताया कि भोजन करने के बाद वह बगल के कमरे में सो गया था। तभी अचानक घर से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।

युवक के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। ग्रामीणों की तमाम कोशिशों के बावजूद घर में रखा सामान बचाया नहीं जा सका।

अग्निकांड में तीन मोटरसाइकिल, चार साइकिल, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और अन्य गृहस्थी का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

इस घटना के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता देने और आग लगने के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?