जिलाध्यक्ष रामबहादुर सिंह बोले- धान-मिर्च की नर्सरी का समय, समितियों पर नहीं हो रहा वितरण
सोनभद्र। भारतीय किसान संघ उत्तर प्रदेश, जनपद सोनभद्र ने जिलाधिकारी नामित ज्ञापन को एडीएम को सौंपकर साधन सहकारी समितियों से उर्वरक वितरण कराने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि खरीफ सीजन में धान, मिर्च व टमाटर की नर्सरी शुरू हो चुकी है, लेकिन समितियों पर उर्वरक उपलब्ध नहीं है। जहां उपलब्ध है, वहां भी वितरण नहीं किया जा रहा।
जिलाध्यक्ष रामबहादुर सिंह ने बताया, “करमा विकास खंड में मिर्च व टमाटर की बड़े स्तर पर खेती होती है। करमा समिति के करमा, पापी, फुलवार, खैरा पुर में यूरिया व डीएपी उपलब्ध है, लेकिन वितरण नहीं हो रहा। अधिकांश समितियों पर कहीं डीएपी तो कहीं यूरिया नहीं है।”
उन्होंने डीएम से विनम्र अनुरोध किया कि जहां उर्वरक उपलब्ध नहीं है, वहां उपलब्ध कराया जाए और जहां उपलब्ध है, वहां वितरण के लिए संबंधित को आदेशित किया जाए। ज्ञापन पर जिला मंत्री प्रभुपाल सिंह मौर्य के हस्ताक्षर हैं। इस दौरान संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।






