श्री राम जानकी संकट मोचन मंदिर में सजा हनुमान जी का दिव्य दरबार, मंगला आरती में उमड़े श्रद्धालु
सोनभद्र। नगर के मध्य स्थित श्री राम जानकी संकट मोचन मंदिर में ज्येष्ठ माह के तीसरे बड़े मंगलवार को मंदिर के पुजारी राजकुमार पांडे के कुशल संयोजन में संकट मोचन हनुमान जी महाराज का अत्यंत आकर्षक और अलौकिक श्रृंगार कर मंगला आरती की गई।
बजरंगबली के इस भव्य रूप के दर्शन पाने के लिए भोर से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के आने का तांता लगा रहा, जिससे पूरा वातावरण ‘जय श्री राम’ और ‘जय बजरंगबली’ के गगनभेदी उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। मंदिर परिसर में भक्तों द्वारा अत्यंत भावपूर्ण तरीके से सुंदरकांड का सस्वर पाठ भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इसके पश्चात देर शाम ढलते ही संकट मोचन हनुमान जी की भव्य सांध्यकालीन आरती हुई। महाआरती के दौरान भक्तों की भारी भीड़ मौजूद रही, जो झांझ-मंजीरों और शंखध्वनि के बीच पवनपुत्र की भक्ति में सराबोर नजर आई। आरती संपन्न होने के बाद उपस्थित सभी भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर बड़े मंगलवार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पंडित राजकुमार पांडे ने बताया कि सनातन धर्म में ज्येष्ठ महीने में पड़ने वाले मंगलवार का एक अत्यंत विशिष्ट और पौराणिक महत्व है। मान्यताओं के अनुसार इसी महीने में भगवान राम से हनुमान जी की पहली मुलाकात हुई थी, इसलिए इसे ‘बड़ा मंगलवार’ या ‘बुढ़वा मंगल’ भी कहा जाता है। इस पवित्र दिन पर जो भी श्रद्धालु पूरी निष्ठा, नियम और सच्चे मन से हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना, व्रत और सुंदरकांड का पाठ करते हैं, बजरंगबली उनके जीवन के सभी संकटों को हर लेते हैं और उनकी हर मनोकामना अवश्य पूर्ण करते हैं।
इस अवसर पर शिवा पाण्डेय, शिवम, केतन, हिमांशु, अभिषेक, राहुल, आत्माराम, अमरेश गुप्ता, देवानंद, अजय, अरुण, कन्हैया, मनीष, गोलू, राजा, मोनू, राजीव, प्रखर, अमन, अर्पित गुप्ता और राहुल ओझा सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।






