O मेडिकल कॉलेज लोढ़ी में महिला के पेट से निकाला 6-7 किलो का ट्यूमर
O एनेस्थीसिया विशेषज्ञ राजेश सिंह रहे साथ, 60 वर्षीय सुगिया देवी 10 साल से थी परेशान
O निजी अस्पतालों में बताया गया था 1 लाख तक का खर्च
सोनभद्र। मेडिकल कॉलेज लोढ़ी में बुधवार को स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डा. दिप्ती सिंह की टीम ने जटिल सर्जरी करके महिला के पेट से 20 सेंटीमीटर का विशाल ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया। ट्यूमर का वजन 6-7 किलो बताया जा रहा है। फिलहाल महिला की हालत में सुधार है।
बताया जा रहा है कि झारखंड की रहने वाली सुगिया देवी, उम्र 60 वर्ष, पिछले करीब दस वर्षों से गंभीर शारीरिक समस्याओं से परेशान थीं। पेट में लगातार भारीपन, सूजन, गांठ, उच्च रक्तचाप और सांस लेने में तकलीफ के कारण उनका सामान्य जीवन प्रभावित हो गया था। परिजन कई जगह इलाज कराते रहे, लेकिन समस्या लगातार बढ़ती चली गई।
स्थिति बिगड़ने पर महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पेट में करीब 20 सेंटीमीटर का बड़ा गांठ, अंडेदानी के ट्यूमर होने की पुष्टि की। रिपोर्ट आने के बाद डा. दिप्ती सिंह की निगरानी में भर्ती किया गया और ऑपरेशन की सलाह दी गई।
बुधवार को चिकित्सकीय टीम ने जटिल सर्जरी कर ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया। ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया विशेषज्ञ राजेश सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मेडिकल टीम में पंकज सिंह, निरंजना, भीम और अवधेश सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल रहे।
डॉक्टरों के अनुसार निकाले गए ट्यूमर का नमूना कैंसर संबंधी जांच के लिए भेजा गया है, ताकि आगे की चिकित्सा प्रक्रिया तय की जा सके।
मरीज के परिजनों ने बताया कि निजी अस्पतालों में इस तरह के ऑपरेशन के लिए 80 हजार से एक लाख रुपये तक का खर्च बताया जा रहा था। मेडिकल कॉलेज में सफल ऑपरेशन के बाद परिवार ने चिकित्सकीय टीम के प्रति आभार जताया।
सर्जन डा. दिप्ती सिंह का कहना है कि पेट में लगातार सूजन, भारीपन या गांठ जैसी समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।






