आरओ प्लांट के पास स्थित भवन तैयार पर ताला, गर्भवती महिलाओं-बुजुर्गों को इलाज के लिए जाना पड़ रहा दूर
म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत खैराही में आरओ प्लांट के पास स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र वर्षों से केवल शोपीस बनकर रह गया है। भवन पूरी तरह तैयार होने के बावजूद यहां नियमित रूप से स्वास्थ्य कर्मचारी नहीं बैठते, जिससे ग्रामीणों को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उप स्वास्थ्य केंद्र बंद रहने के कारण छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी दूर स्थित अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को उठानी पड़ रही है। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत और मांग किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सिंगारो, कुसुमलता, ननकी, सावित्री देवी, बासमती, कृष्णा देवी, जइतलाल, संजय, राजू सहित अन्य ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग करते हुए कहा कि उप स्वास्थ्य केंद्र को प्रतिदिन खोला जाए तथा यहां नियमित रूप से स्वास्थ्य कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का दावा करती है, लेकिन खैराही में उप स्वास्थ्य केंद्र कई दिनों से बंद रहने के कारण लोग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से तत्काल उप स्वास्थ्य केंद्र को नियमित रूप से संचालित करवाने की मांग की है। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक म्योरपुर डॉ. पी.एन. सिंह ने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र पर कर्मचारी की तैनाती है पर यहां तैनात कर्मचारी का छोटा बच्चा है तथा वह टीकाकरण कार्य में भी व्यस्त रहती है, इसलिए प्रतिदिन उप स्वास्थ्य केंद्र पर नहीं पहुंच पा रही हैं।






