नौगढ़ में आरक्षित वन भूमि पर चला बुलडोजर, अतिक्रमणकारियों ने किया पथराव वन विभाग ने तीन पक्के मकान किए ध्वस्त, दी सख्त चेतावनी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत मझगांई रेंज के गंगापुर बीट स्थित भैसोड़ा कम्पार्टमेंट संख्या-7 के आरक्षित वन क्षेत्र में शनिवार को वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से लाखों रुपये की लागत से तैयार हो रहे तीन पक्के मकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान विरोध और पथराव की भी सूचना मिली, लेकिन वन विभाग की टीम पूरे अभियान के दौरान डटी रही।

वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि शीला पत्नी राजकुमार निवासी बजरडीहा, राजकुमार पुत्र बचाऊ निवासी परसिया समेत अन्य लोगों के खिलाफ पूर्व में विभागीय एफआईआर दर्ज की गई थी। संबंधित लोगों को आरक्षित वन भूमि पर निर्माण कार्य नहीं करने की चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। आरोप है कि एक मकान पर लिंटर तक डाल दिया गया था।

सूचना मिलने पर वन विभाग ने तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई की योजना बनाई। शनिवार को जैसे ही विभागीय टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची, क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों द्वारा पथराव किए जाने की सूचना है, जबकि महिलाओं द्वारा वनकर्मियों के साथ अभद्रता भी की गई। इसके बावजूद विभागीय टीम ने अभियान जारी रखा और कुछ ही देर में तीनों अवैध निर्माणों को मलबे में तब्दील कर दिया।

वन क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आरक्षित वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, निर्माण अथवा अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी विभाग लगातार अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगा। दोबारा कब्जा या निर्माण करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई के साथ-साथ तत्काल बुलडोजर कार्रवाई भी की जाएगी।

अभियान के दौरान वन दरोगा महेंद्र प्रताप सिंह, रोहित गुप्ता, दिलीप कुमार, अभिषेक चतुर्वेदी, सुरेश कुमार, सुदामा सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?