बेटे की मौत पर न्याय की गुहार, परिजनों ने सीबीआई जांच की मांग की

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

सोनभद्र । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में युवक सौरभ शर्मा की कथित हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को मृतक के परिजनों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को नामित ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने जांच को स्थानीय स्तर से हटाकर क्राइम ब्रांच, एसटीएफ या केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने की भी मांग उठाई है।

मृतक की मां अंगिरा शर्मा, पत्नी श्याम बिहारी शर्मा, निवासी ग्राम गोरडीहा (राबर्ट्सगंज) के अनुसार उनके 19-20 वर्षीय इकलौते पुत्र सौरभ शर्मा की 30 मार्च 2026 की रात लगभग 9 से 10 बजे के बीच हत्या कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना में गांव के ही कई लोग शामिल थे और युवक पर धारदार हथियारों से हमला किया गया।

ज्ञापन में परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव की एक युवती ने सौरभ को प्रेम संबंध के नाम पर अपने जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर उससे बड़ी रकम ऐंठी। आरोप है कि सौरभ ने करीब 2.5 लाख रुपये बैंक खातों में स्थानांतरित किए और लगभग 2 लाख रुपये नगद दिए। यह सिलसिला करीब दो वर्षों तक चलता रहा।

परिवार के मुताबिक, जब सौरभ को युवती की दूसरी जगह शादी तय होने की जानकारी मिली, तो उसने अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि पैसे लौटाने से इनकार कर दिया गया। 30 मार्च को इस संबंध में राबर्ट्सगंज कोतवाली में सूचना दी गई, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर 31 मार्च को समाधान का आश्वासन दिया।

परिजनों का आरोप है कि थाने से लौटते समय युवक को जान से मारने की धमकी दी गई। उसी रात घर लौटते समय युवती के घर के पास घात लगाकर हमला किया गया। ज्ञापन के अनुसार, एक आरोपी ने सौरभ को पकड़कर गिराया, जिसके बाद अन्य लोगों ने उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक की मां ने स्थानीय पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि मामले में उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी तथ्यों को छिपाने का प्रयास हुआ। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि आरोपी पक्ष से परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं।

परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Comment

1441
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?