जर्जर स्कूल, फर्जी बिजली बिल और वनाधिकार कानून पर भाकपा का जनसंवाद, बेलगाम अधिकारियों को चेतावनी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

बभनी (सोनभद्र) । विकास खंड बभनी के सालेनाग गांव में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) द्वारा आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में जर्जर विद्यालय निर्माण, फर्जी बिजली बिल और वनाधिकार कानून के अधूरे क्रियान्वयन जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर सरकार और प्रशासन को कठघरे में खड़ा किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाकपा के जिला सचिव आर.के. शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत बरवाटोला के सालेनाग स्थित प्राथमिक विद्यालय को तीन वर्ष पूर्व जर्जर हालत के कारण ध्वस्त कर दिया गया था। इसके बावजूद ग्रामीणों की बार-बार लिखित शिकायतों के बाद भी विद्यालय का पुनर्निर्माण अब तक नहीं कराया गया, जो गंभीर सरकारी लापरवाही को दर्शाता है।

भाकपा के कोषाध्यक्ष प्रेमचंद गुप्ता ने गांव में जारी फर्जी बिजली बिलों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बीते तीन-चार वर्षों से सालेनाग में बिजली आपूर्ति ठप है, इसके बावजूद ग्रामीणों को भारी-भरकम बिजली बिल थमाए गए और भुगतान के लिए दबाव बनाया गया। यह गरीब आदिवासी और मजदूर परिवारों के साथ खुला अन्याय है।

वहीं पार्टी के जिला सह सचिव देव कुमार विश्वकर्मा ने वनाधिकार कानून के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि आदिवासी और भूमिहीन किसानों को आधे-अधूरे पट्टे दिए गए हैं, जबकि भारत सरकार के राजपत्र के अनुसार एक किसान को अधिकतम चार हेक्टेयर भूमि तक का अधिकार मिल सकता है। इसके बावजूद आज भी आदिवासी किसान अपने पूरे हक से वंचित हैं।

भाकपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारी बेलगाम हो चुके हैं और जनसमस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं। पार्टी ने मांग की कि सालेनाग में तत्काल प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कराया जाए, फर्जी बिजली बिलों को निरस्त किया जाए तथा वनाधिकार कानून को पूरी ईमानदारी से लागू करते हुए आदिवासी किसानों को उनका पूर्ण अधिकार दिया जाए।

बैठक की अध्यक्षता बल्केश्वर नेता ने की, जबकि संचालन महेंद्र द्वारा किया गया। कार्यक्रम में धानुक पनिका, धन्नू राम, शाहिद खान, हरी प्रसाद खरवार, बाबूलाल खरवार, ममता कुमारी, सरस्वती देवी, रामकली, सुर्जमानिया, राजमणि, नीलम देवी, गीता देवी, सीताकुंवर, जयराम, राजाराम, सत्यनारायण, रामसेवक, शाशिप्रभा, फुलकुंवर, राजमती, रामगुलम, एम.पी. सिंह, पीतांबर पनिका, राजेंद्र गुप्ता, दलबीर और बुधनी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?