सेमिया के पास ओवरलोड ऑटो खाई में पलटा, महिला की मौके पर मौत; पांच घायल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नशे में वाहन चलाने का आरोप, तेज रफ्तार व ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह; ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

सोनभद्र। जनपद के जुगैल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमिया के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक ऑटो देवसर, मध्य प्रदेश की ओर से यात्रियों को लेकर आ रहा था। इसी दौरान सेमिया गांव के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार ऑटो सड़क किनारे पुलिया के नीचे खाई में पलट गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि ऑटो में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में निशा देवी 32 वर्ष, जो अपने पति के साथ देवसर, मध्य प्रदेश से लौट रही थीं, की गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच अन्य यात्री घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ऑटो चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था और ऑटो में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई गई थीं। ग्रामीणों के अनुसार चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था, जिसके कारण मोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही पीआरबी 112 और जुगैल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भेजा गया। गंभीर रूप से घायल यात्री को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चालक की स्थिति, वाहन की क्षमता और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। लगातार हो रहे सड़क हादसों के बाद एक बार फिर ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने जैसे गंभीर मुद्दों पर सवाल खड़े होने लगे हैं। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1545
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?