मतदान स्थल बदलाव पर बवाल: 10 किमी दूर केंद्र बनाए जाने से 500 वोटर नाराज़, डीएम से की शिकायत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

ओबरा (सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। पंचायत निर्वाचन 2025 को लेकर सोनभद्र जनपद में मतदान व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। नवीन मतदाता सूची में मतदान स्थल बदले जाने से ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। मामला ग्राम पंचायत बिल्ली मारकुंडी के टोला खैरटिया, वार्ड संख्या 13 से जुड़ा है, जहां करीब 500 मतदाताओं के मतदान केंद्र को अचानक बदल दिया गया है।

23 दिसंबर 2025 को प्रकाशित नवीन मतदाता सूची के अनुसार क्रम संख्या 9926 से 10420 तक के मतदाताओं का मतदान स्थल, जो पहले जूनियर हाईस्कूल खैरटिया निर्धारित था, उसे हटाकर लगभग 10 किलोमीटर दूर बाल विद्या निकेतन, सेक्टर-10, बिल्ली मारकुंडी (कक्ष संख्या-1) कर दिया गया है। मतदान स्थल की यह दूरी ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बनकर सामने आई है।

ग्रामीणों का कहना है कि इतनी लंबी दूरी तय करना बुजुर्गों, महिलाओं और साधनविहीन मतदाताओं के लिए लगभग असंभव है। खराब सड़कें, अंधेरी पुलिया की जर्जर स्थिति और रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाला लंबा जाम मतदान में बड़ी बाधा बन सकता है। ग्रामीणों को आशंका है कि मतदान स्थल की यह व्यवस्था सीधे तौर पर उनके मताधिकार को प्रभावित करेगी।

इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला निर्वाचन अधिकारी, सोनभद्र को शिकायती पत्र सौंपते हुए मतदान स्थल को पुनः जूनियर हाईस्कूल खैरटिया किए जाने की मांग की है। इसके साथ ही सोमवार को ओबरा तहसील दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सोनभद्र के माध्यम से भी ज्ञापन देकर मतदाता सूची में सुधार की मांग उठाई गई।

स्थानीय अधिवक्ता उमेश चन्द शुक्ला ने बताया कि वार्ड संख्या 13 के अधिकतर मतदाता सेक्टर-10 तक समय से नहीं पहुंच पाएंगे। अंधेरी पुलिया की खराब हालत और भलुआ टोला मार्ग से होकर रेलवे क्रॉसिंग पर घंटों लगने वाला जाम मतदाताओं को मतदान से वंचित कर सकता है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा असर डालने वाला फैसला बताया।

अब यह देखना अहम होगा कि निर्वाचन प्रशासन ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या पर क्या रुख अपनाता है। मतदान की सुविधा और निष्पक्ष चुनाव को लेकर उठे इस सवाल पर पूरे जनपद की निगाहें प्रशासनिक निर्णय पर टिकी हैं।

Leave a Comment

1414
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?