कांग्रेस-एसपी पर बाबा साहेब के अपमान का आरोप, बीजेपी सरकार अनुसूचित वर्ग हितैषी : धर्मपाल सिंह

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

सोनभद्र । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सोमवार को सोनभद्र में आयोजित अनुसूचित जाति युवा संवाद कार्यक्रम में विपक्षी दलों पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति अनादर का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने इतिहास में कई बार बाबा साहेब का अपमान किया तथा उनकी विचारधारा के विपरीत कार्य किए।

धर्मपाल सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा साहेब के सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर चलते हुए अनुसूचित वर्ग के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक उत्थान के लिए सतत प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार की योजनाएं गरीब कल्याण के लिए समर्पित हैं, जिनका सबसे अधिक लाभ अनुसूचित जातियों को मिला है।

उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा बाबा साहेब से जुड़े स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने, स्वच्छता कर्मियों के पैर धोकर सम्मान देने तथा 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने जैसे कदमों को उदाहरण देकर बताया कि भाजपा सरकार संविधान की मजबूती और अनुसूचित वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

विपक्ष पर करारे शब्द

धर्मपाल सिंह ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने बाबा साहेब को चुनाव में हराने और उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में न होने देने जैसे कार्य किए। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में संशोधन कर कांग्रेस ने उसकी ‘आत्मा’ को कमजोर किया और अनुसूचित वर्ग को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया।
समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सपा के नेताओं ने बाबा साहेब को मंच से भू-माफिया कहकर अपमानित किया। सपा सरकार के समय अनुसूचित जाति के घर, खेत और खलिहानों पर कब्जे किए गए तथा झूठे मुकदमों में फंसाकर उन्हें प्रताड़ित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में मुस्लिम तुष्टीकरण के चलते अपराधियों को संरक्षण मिला और बहन-बेटियां भय के कारण स्कूल जाने से भी डरती थीं।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में आज भयमुक्त वातावरण है और प्रत्येक व्यक्ति की संपत्ति तथा महिलाओं का सम्मान सुरक्षित है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अनुसूचित वर्ग के बीच जाकर भाजपा सरकार की उपलब्धियाँ और बाबा साहेब के सम्मान में किए गए कार्यों को बताएं, साथ ही विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करें।

कार्यक्रम में मौजूद रहे

कार्यक्रम में अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र कनौजिया, काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलिप सिंह पटेल, समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड़, अनुसूचित आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामचंद्र कनौजिया और संचालन अजीत रावत ने किया।
जिला प्रभारी अनिल सिंह, विधायक अनिल कुमार मौर्या, तिरथराज, जिलाध्यक्ष सरजू बैसवार समेत अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?