नशे मे धुत युवक चढ़ा पानी की टँकी पर,मधुमक्खियो के हमले से हुआ घायल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नवीन कुमार

पुलिस और कर्मचारियों ने की रेस्क्यू कर बचाई जान, सीएचसी में भर्ती के बाद परिजनों को सौंपा गया

कोन (सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। हर घर नल योजना के तहत महुद्दीनपुर ग्राम पंचायत के टोला झरिया में बनी पानी की टंकी पर सोमवार दोपहर एक युवक के चढ़ने और फिर टंकी में कूदने से सनसनी फैल गई। नशे की हालत में टंकी पर चढ़े युवक पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिससे घबराकर वह खाली टंकी के अंदर कूद गया। सौभाग्य रहा कि उस वक्त टंकी में पानी नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना सोमवार लगभग 12 बजे की है। जानकारी के मुताबिक खेतकटवा निवासी कौशल पुत्र स्व. हरिनारायण नशे की हालत में महुद्दीनपुर स्थित झरिया टोले की पानी टंकी पर जा चढ़ा। वहां मौजूद मधुमक्खियों के छत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों से बचने के प्रयास में युवक घबराकर नीचे टंकी में कूद गया। नीचे गिरते ही वह बुरी तरह घायल हो गया और शोर मचाने लगा।

ग्रामीणों ने शोर सुनकर तत्काल पंप ऑपरेटर विकास को सूचना दी। पंप ऑपरेटर ने बिना देर किए 112 डायल कर पुलिस को सूचित किया और अपने सुपरवाइजर शैलेन्द्र सिंह को भी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टंकी कर्मचारियों के साथ मिलकर मधुमक्खियों के छत्ते को धुएं से हटाया गया। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोन लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। इस संबंध में कोन थाना निरीक्षक संजीव सिंह ने बताया कि युवक नशे की हालत में था और उसे सख्त चेतावनी दी गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि टंकी में पानी भरा होता तो युवक की जान जाना तय थी। लोगों ने प्रशासन से टंकी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हो।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1544
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?