म्योरपुर/सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर देवरी गांव के कठबंधवा मोड़ के पास सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रेलर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। हादसे में ट्रेलर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक-खलासी बाल-बाल बच गए।
बताया गया कि ट्रेलर रायगढ़ से लोहे की चादरें लादकर लखनऊ जा रहा था। कठबंधवा मोड़ के समीप पुलिया पर आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराया। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से चला गया।
ट्रेलर चालक चंदन निवासी तुरीडीह के पैर में हल्की चोट आई। उसे सीएचसी म्योरपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
ग्रामीणों के अनुसार पुलिया पर रेलिंग नहीं होने के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। बृजेश विश्वकर्मा, शिवव्रत, अशर्फी गोड़, परस्ते, शंकर, हंसराज गुप्ता, आनंद जायसवाल, राजेश जायसवाल ने विभाग से पुलिया पर सुरक्षा रेलिंग लगवाने की मांग की है।








