बालू माफियाओं पर शिकंजा: वन विभाग ने ट्रैक्टर किया जब्त, मचा हड़कंप

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

संवाददाता – वीरेंद्र कुमार


विंढमगंज (सोनभद्र) । वन विभाग की सक्रियता से अवैध बालू खनन में लिप्त माफियाओं में हड़कंप मच गया है। बीती रात वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान ग्राम पंचायत फुलवार के समीप मालिया नदी से अवैध बालू का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया। पकड़ा गया ट्रैक्टर फुलवार निवासी अवधेश गुप्ता पुत्र ईश्वरी गुप्ता का बताया जा रहा है, जिसे रेंज कार्यालय लाकर वन अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि कनहर व मालिया नदी के किनारे बसे क्षेत्रों से प्रतिदिन रात में दर्जनों ट्रैक्टरों द्वारा अवैध रूप से बालू का खनन और परिवहन किया जाता है, जिससे माफियाओं की चांदी कट रही है, जबकि आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार ट्रैक्टर पकड़े जाने के बावजूद केवल मामूली जुर्माना लेकर उन्हें छोड़ दिया जाता है, जिससे माफियाओं के हौसले और बुलंद हो जाते हैं। तेज रफ्तार ट्रैक्टरों से रात्रि में राहगीरों और बंधे जानवरों को खतरा बना रहता है, वहीं तेज शोर के कारण ग्रामीणों की नींद भी बाधित होती है।

इस संबंध में रेंजर इमरान खान ने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर जब्त किया गया है और आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन में लिप्त लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1549
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?