अमित मिश्रा
O- हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश, मोबाइल एप, पोर्टल और जन सुविधा केंद्र से भी जमा कर सकेंगे प्रमाण-पत्र
सोनभद्र (उत्तरप्रदेश) । जिले के पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए अब कोषागार का चक्कर लगाने से राहत मिल सकती है। पेंशनर अपने मोबाइल फोन, ऑनलाइन पोर्टल या नजदीकी जन सुविधा केंद्र के माध्यम से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकेंगे। इस प्रक्रिया को आसान बनाने और पेंशनरों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता में 14 अक्टूबर 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र’ अभियान के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पांच नवंबर 2026 से संबंधित अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और पेंशनरों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी के अनुसार, पेंशनर स्वयं अथवा परिवार के किसी सदस्य के मोबाइल एप या पोर्टल की सहायता से ऑनलाइन जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी जन सुविधा केंद्र, कंप्यूटर सेंटर या साइबर कैफे के माध्यम से भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इससे उन बुजुर्ग पेंशनरों को विशेष सुविधा मिलेगी, जिन्हें शारीरिक परेशानी या अन्य कारणों से कोषागार तक पहुंचने में कठिनाई होती है।
डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) एनआईसी सोनभद्र की आधिकारिक वेबसाइट sonbhadra.nic.in पर उपलब्ध कराई गई है। पेंशनर इसे वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त कोषागार, सोनभद्र से भी एसओपी प्राप्त की जा सकती है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पेंशनरों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र के संबंध में पर्याप्त प्रचार-प्रसार किया जाए। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पेंशनरों को ऑनलाइन सुविधा से जोड़ना और उन्हें प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए व्यक्तिगत रूप से कोषागार आने की परेशानी से बचाना है।
डिजिटल प्रक्रिया के प्रभावी क्रियान्वयन से पेंशनरों को समय की बचत के साथ सुविधा मिलेगी। साथ ही, सरकारी सेवाओं को अधिक सुलभ और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।









