अमित मिश्रा
मंडलायुक्त ने मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण
इमरजेंसी वार्ड, जनरल वार्ड, महिला वार्ड एवं मेडिसिन विभाग का लिया जायजा, दवाओं की उपलब्धता की प्राप्त की जानकारी
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद के मरीजों को मेडिकल कॉलेज में समुचित उपचार उपलब्ध हो इसको लेकर विंध्याचल मण्डल के मंडलायुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी राजेश प्रकाश ने आज मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर वहां मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार व्यवस्था एवं दवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज के जनरल वार्ड, महिला वार्ड एवं इमरजेंसी वार्ड सहित विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया तथा मेडिसिन विभाग का भी निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त ने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं के वितरण एवं साफ-सफाई की व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मेडिकल कॉलेज में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए तथा मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उपचार के लिए आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी जरूरतों के अनुरूप समय से समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने दवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए पूछा कि मेडिकल कॉलेज में किसी दवा के उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में मरीजों को वह दवा कहां से प्राप्त होती है। इस पर मेडिकल कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य ने अवगत कराया कि ऐसी स्थिति में मरीज औषधि केंद्र के माध्यम से दवाएं प्राप्त करते हैं। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि मरीजों को आवश्यक दवाओं एवं उपचार संबंधी सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के उपरांत मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने चिकित्सकों से संवाद करते हुए कहा कि यह प्रयास किया जाए कि जनपद के मरीजों को आवश्यक एवं समुचित उपचार की सुविधा मेडिकल कॉलेज में ही उपलब्ध हो सके। मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से अन्य जनपदों में न जाना पड़े। इसके लिए मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध चिकित्सा संसाधनों, विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं अन्य सुविधाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि शासन द्वारा मरीजों के हित में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं चिकित्सा संसाधनों का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद मरीज तक पहुंचना चाहिए। चिकित्सक मरीजों के उपचार एवं देखभाल को प्राथमिकता देते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराएं, जिससे मरीजों को समय से उचित उपचार मिल सके और वे शीघ्र स्वस्थ हो सकें।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. शिशिर, सीएमएस डॉ. डी.के. सिंह सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।









