आंगनबाड़ी नव नियुक्त सहायिकाओं को मिला नियुक्ति पत्र
सोनभद्र। अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण पंचायत रिसोर्स सेंटर, विकास भवन सोनभद्र में किया गया। कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने नव नियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
मंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार और सहायिकाओं का 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार किया है। साथ ही 5 लाख तक निःशुल्क कैशलेस उपचार और स्मार्टफोन की सुविधा भी दी जा रही है।
सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि मानदेय वृद्धि और कैशलेस इलाज से आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और कार्य में पारदर्शिता बढ़ेगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को अपने बच्चों जैसा स्नेह दें। केंद्रों को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाया जा रहा है ताकि बच्चों को बेहतर वातावरण मिल सके।
जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल और नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में लाभार्थियों को बेबी किट और माताओं को पोषण के लिए सहजन के पौधे वितरित किए गए। संचालन ऋचा ओझा ने किया और धन्यवाद जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह ने दिया।






