सीएस पाण्डेय
चारों तरफ सड़कों का जाल, फिर भी पटरियों पर उगी झाड़ियों से हादसे का खतरा
बभनी/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। पीडब्ल्यूडी विभाग और जिला पंचायत के द्वारा विकास खंड बभनी में चारों तरफ सड़कों का जाल बिछा होने के बावजूद सड़कों की पटरियों पर बरसात में उगी बड़ी-बड़ी झाड़ियां अब ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई हैं।
पटरियों पर झाड़-झंखाड़ पसरा होने से सड़क सिकुड़ी हुई लगती है। दो पहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को आवागमन में भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सामने से आ रहे वाहनों को झाड़ियों के कारण देखा नहीं जा पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।ग्रामीणों का कहना है कि कई बार झाड़ियों में छिपे सांप-बिच्छू के कारण भी डर बना रहता है। कई जगह तो झाड़ियां आधी सड़क तक आ गई हैं।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़कों की पटरियों की सफाई कराकर झाड़ियों को कटवाया जाए ताकि आवागमन सुगम हो सके और हादसों पर रोक लग सके।








