नवीन कुमार
कोन/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। स्थानीय मुख्य बाजार में इन दिनों सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सड़क संकरी होने के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की पटरियों से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की है।
राहगीरों के अनुसार कोन बाजार में सड़क की दोनों पटरियों पर फल, सब्जी,गुमटी सहित अन्य दुकानदारों द्वारा दुकानें लगा दी जाती हैं। इसके अलावा सड़क किनारे टेम्पो खड़े रहने से आवागमन के लिए उपलब्ध सड़क की चौड़ाई काफी कम हो जाती है। ऐसे में आमने-सामने से बड़े वाहन आने पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। सबसे अधिक परेशानी कोन जीरो मोड़ से देवाटन मोड़ के बीच देखने को मिल रही है।
जाम के कारण स्थानीय दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर वाहनों की भीड़ और अव्यवस्थित तरीके से खड़े टेम्पो के कारण ग्राहकों को दुकान तक पहुंचने में दिक्कत होती है। वहीं सुबह और दोपहर के समय स्कूली वाहनों के आवागमन के दौरान समस्या और बढ़ जाती है। जाम में स्कूली वाहन फंसने से बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। यदि समय रहते सड़क की पटरियों को अतिक्रमण से मुक्त नहीं कराया गया तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने प्रशासन से अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने तथा टेम्पो के लिए निर्धारित स्थान की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके।








