भादो की चौदस पर हुआ भव्य ज्योत एवं जागरण, के भजनों ने बांधा समां
सोनभद्र। भादी अमावस्या की पूर्व संध्या एवं भादो की चौदस के पावन अवसर पर शनि मंदिर के सामने वाली गली स्थित श्री राणी सती दादी मंदिर में भव्य ज्योत एवं जागरण का आयोजन किया गया। श्री राणी सती दादी मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में करीब 300 श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और ज्योत प्रज्वलन से हुई। इसके बाद सोनभद्र के प्रसिद्ध भजन गायक संजीव शर्मा ने मधुर आवाज में दादी जी के भजनों की प्रस्तुति दी। “भक्तों के घर कभी आओ माँ”, “एक बार माँ आ जाओ”, “चुनड़ी को रंग सुरंग माँ” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। दादी जी के जयकारों से मंदिर परिसर देर रात तक गूंजता रहा।
भादो की चौदस और भादी अमावस्या का दादी भक्तों के लिए विशेष महत्व है। इसी अवसर पर राजस्थान के झुंझुनूं स्थित मुख्य मंदिर में भी भव्य आयोजन होता है। सोनभद्र में भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रतिवर्ष आयोजन किया जाता है।
जागरण में पहुंचे श्रद्धालुओं ने सपरिवार ज्योत के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में रवि जालान, अशोक जालान, एडवोकेट अनीता थरड, मीरा जालान, पूनम खेतान, डॉ. संतोष झुनझुनवाला, विप्लव जालान, पुरुषोत्तम जालान, विमल जालान, रमेश गोयल, राकेश जालान, दिनेश जालान सहित दादी मंडल के पदाधिकारियों का योगदान रहा।







