चंदौली के नौगढ़ क्षेत्र में वन विभाग की कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को जयमोहनी रेंज कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जुर्माने की रसीद और जब्त सामान वापस करने की मांग की।
ग्रामीण आशिक ने बताया कि वे करीब 20 साल से खेती कर रहे हैं। आरोप है कि मंगलवार को वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर तीन हल, जुआ और साइकिल जब्त की। मुरली और प्रवेश को रेंज कार्यालय ले जाया गया, जिन्हें बुधवार को छोड़ा गया।
आशिक का आरोप है कि उनसे 10 हजार रुपये जुर्माना लिया गया, पर रसीद नहीं दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि जुर्माना जमा करने के बाद भी वन विभाग ने जब्त सामान वापस नहीं किया है।
प्रदर्शन में शकुंतला, कलावती, संतरा, रामराजी, शीला, जमीन, मल्टी, पार्वती, संगीता, मुन्नी, सितारा, सुनीता और इंद्रावती समेत कई महिलाएं शामिल थीं।
इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा वन विभाग की जमीन पर कब्जा कर खेती किए जाने की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान जुर्माना भी लगाया गया था। उन्होंने बताया कि जुर्माने की राशि जमा कर दी गई है। जब्त किए गए सामान को विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुछ दिनों में वापस कर दिया जाएगा।









