निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक धनराशि वसूलने की शिकायत, दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग : विवेक सिंह पटेल
सोनभद्र। जनपद में संचालित वाहन फिटनेस सेंटर पर फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी करने के नाम पर वाहन स्वामियों से निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक धनराशि वसूले जाने का आरोप लगा है। इस मामले को गंभीरता से उठाते हुए समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव विवेक सिंह पटेल ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में कहा गया है कि सोनभद्र ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन के संज्ञान में शिकायत आई है कि जनपद में संचालित वाहन फिटनेस सेंटर पर वाहनों की फिटनेस जांच और प्रमाण-पत्र जारी करने के नाम पर निर्धारित सरकारी शुल्क के अतिरिक्त मनमानी धनराशि की मांग की जा रही है। इससे जिले के छोटे-बड़े वाहन स्वामियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पत्र में यह उल्लेख किया गया है कि वाहन स्वामी पहले से ही डीजल-पेट्रोल, बीमा, टैक्स, मरम्मत और अन्य खर्चों के बढ़ते बोझ से जूझ रहे हैं। ऐसे में फिटनेस के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि की मांग करना उनके ऊपर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है। इससे वाहन स्वामियों में असंतोष बढ़ रहा है। विवेक सिंह पटेल ने सोनभद्र ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन की ओर से जिलाधिकारी के समक्ष छह सूत्रीय मांगें रखी हैं। इनमें फिटनेस सेंटर की कार्यप्रणाली और शुल्क वसूली की निष्पक्ष जांच कराने, निर्धारित सरकारी शुल्क की सूची सेंटर परिसर में प्रमुखता से प्रदर्शित कराने तथा अतिरिक्त धनराशि की वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग शामिल है। इसके अलावा शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित सेंटर के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने, फिटनेस प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने तथा प्रत्येक वाहन स्वामी को जमा की गई धनराशि की विधिवत रसीद उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
पत्र के माध्यम से प्रशासन से आग्रह किया गया है कि वाहन स्वामियों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें कथित अवैध वसूली और अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत मिल सके।
विवेक सिंह पटेल ने कहा कि यदि समय रहते इस मनमानी पर रोक नहीं लगाई गई तो वाहन स्वामियों का आर्थिक शोषण जारी रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगा और फिटनेस व्यवस्था को निर्धारित सरकारी नियमों के अनुरूप संचालित कराएगा।









