अमित मिश्रा
नवरात्रि, रामलीला, दशहरा एवं दीपावली पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील
पूजा पंडालों, रामलीला स्थलों एवं प्रमुख आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। आगामी नवरात्रि, रामलीला, दशहरा एवं दीपावली पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी एवं धर्मगुरुओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, प्रबुद्धजनों एवं संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि नवरात्रि, रामलीला, दशहरा एवं दीपावली के पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द की भावना के साथ मनाए जाएं। उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान विभिन्न स्थानों पर पूजा पंडाल, रामलीला एवं अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आमजन की सहभागिता होती है। ऐसे में सभी आयोजक एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय से आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर पूजा पंडालों, रामलीला स्थलों एवं अन्य प्रमुख आयोजन स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लें तथा आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने पूजा पंडालों एवं आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि आयोजन स्थलों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा आवश्यकता के अनुसार यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जाए।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने तथा स्थानीय धर्मगुरुओं, आयोजन समितियों एवं प्रबुद्धजनों से निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली फेक न्यूज एवं अफवाहों का तत्काल खंडन करने तथा आमजन से भ्रामक एवं असत्य सूचनाओं पर ध्यान न देने की अपील की।
उन्होंने नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में पर्वों के दृष्टिगत विशेष साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने एवं किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व हमारी सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे एवं सौहार्द की भावना को मजबूत करने का अवसर हैं। सभी धर्मों एवं समुदायों के लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण एवं सद्भावपूर्ण वातावरण में पर्व मनाएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुणवाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर, उप जिलाधिकारी ओबरा, क्षेत्राधिकारीगण सहित विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, पूजा आयोजन समितियों से जुड़े प्रतिनिधि एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।









