नवीन कुमार
कोन (सोनभद्र) । परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित ब्लॉक स्तरीय मेधावी छात्र चयन परीक्षा मंगलवार को बीआरसी परिसर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय कोन में शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा में कोन विकासखंड की सभी पांच न्याय पंचायतों से चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
मेधावी छात्र चयन की प्रक्रिया विद्यालय स्तर से शुरू हुई थी। विद्यालय स्तर पर आयोजित परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को संकुल स्तरीय परीक्षा में शामिल किया गया। संकुल स्तर पर प्रत्येक कक्षा के प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों का चयन ब्लॉक स्तरीय परीक्षा के लिए किया गया।
कक्षा 3 में प्राथमिक विद्यालय डूमर के जयंत यादव ने प्रथम, प्राथमिक विद्यालय बगिया की अंशिका कुमारी ने द्वितीय तथा प्राथमिक विद्यालय खेमपुर के फैजान रजा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कक्षा 5 में प्राथमिक विद्यालय झरिया के अमन राज प्रथम, प्राथमिक विद्यालय सीधवा दामर के शिवम कुमार द्वितीय तथा प्राथमिक विद्यालय गिजीनिया दामर के सत्यम कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
कक्षा 6 में उच्च प्राथमिक विद्यालय निगाई के सत्यम कुमार ने प्रथम, कंपोजिट विद्यालय नौडिहा की संध्या कुमारी ने द्वितीय तथा कंपोजिट विद्यालय अजनिया के सत्यम कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं कक्षा 8 में कंपोजिट विद्यालय रामगढ़ के मनीष कुमार शर्मा ने प्रथम, उच्च प्राथमिक विद्यालय गिधिया के भूपेंद्र प्रताप ने द्वितीय तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय कचनरवा के किशन कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके शिक्षकों को खंड शिक्षा अधिकारी बिश्वजीत कुमार, एआरपी दिलीप चौरसिया तथा उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मिथिलेश कुमार गुप्ता ने माल्यार्पण कर पुरस्कार प्रदान किए। अधिकारियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भविष्य में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
खंड शिक्षा अधिकारी बिश्वजीत कुमार ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाएं विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को पहचानने और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
परीक्षा के सफल संचालन में एआरपी दिलीप चौरसिया, रामेश्वर प्रसाद गुप्ता, राजू सिंह, श्रवण कुमार सहित अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।






