अमित मिश्रा
सोनभद्र/नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुए दर्दनाक भवन हादसे ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दिल्ली में पांच मंजिला इमारत के अचानक ढह जाने के बाद चलाए गए रेस्क्यू अभियान में सोनभद्र निवासी अभिषेक का शव बरामद हुआ है। शव की पहचान होने और सूचना परिजनों तक पहुंचते ही रेणुकूट स्थित घर में कोहराम मच गया। पूरे इलाके में शोक की लहर है और मोहल्ले में सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार अभिषेक पिपरी थाना क्षेत्र के रेणुकूट निवासी था और अपने माता-पिता के साथ रहता था। वह परिवार की तीन संतानों में सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई राजस्थान के कोटा में रहकर बीटेक की पढ़ाई कर रहा है, जबकि बहन की शादी हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि रविवार को दिल्ली में पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी। हादसे के बाद राष्ट्रीय आपदा राहत एवं स्थानीय प्रशासन की टीमों ने मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए व्यापक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इसी दौरान अभिषेक का शव बरामद हुआ। पहचान की पुष्टि होने के बाद दिल्ली प्रशासन ने परिजनों को इसकी सूचना दी।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रक्षाबंधन के अवसर पर अभिषेक की मां गांव गई हुई थीं, जबकि पिता रेणुकूट में मौजूद थे। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य दिल्ली के लिए रवाना हो गए और शव को गृह जनपद लाने की प्रक्रिया में जुट गए हैं।
रेणुकूट स्थित अभिषेक के घर पर ताला लगा हुआ है। पड़ोसी और परिचित इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभिषेक एक शांत और मिलनसार युवक था, जिसके उज्ज्वल भविष्य को लेकर परिवार ने कई सपने संजोए थे। उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
उधर दिल्ली में हुए इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर छह बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से मलबे में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। इस बीच सोनभद्र के रेणुकूट में अभिषेक की मौत की खबर ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।






