ग्राम सभा को सशक्त बनाने संवैधानिक मूल्यों के प्रति युवाओं को किया जा रहा जागरूक
म्योरपुर / सोनभद्र। स्थानीय ब्लॉक के गोविंदपुर स्थित बनवासी सेवा आश्रम में गुरुवार को तीन दिवसीय युवा नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करने के साथ संगठन निर्माण और ग्राम सभा को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित करना है।
‘वी द पीपल अभियान’ से जुड़े मुख्य वक्ता अमीनुद्दीन और रसना ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण दिया। सामूहिक चर्चा, समूह गतिविधियों और सहभागितापूर्ण अभ्यासों के जरिए युवाओं को अपने विचार रखने, स्थानीय समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान श्रमदान, व्यायाम, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नारा लगाने, प्राकृतिक प्रार्थना और सर्वधर्म प्रार्थना जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आपसी सहयोग, एकता और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
परियोजना प्रबंधक प्रदीप पाण्डेय ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य युवाओं को गांव की समस्याओं की पहचान करने, ग्राम सभा की बैठकों में सक्रिय भागीदारी निभाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से समाधान खोजने के लिए तैयार करना है।
कार्यक्रम के आयोजन और संचालन में प्रदीप पांडेय, प्रेमदयाल तथा सौरभ कुमार, चंद्रवती बहन, कैलाश प्रसाद और प्रीति सहयोगी की भूमिका निभा रहे हैं।








