नौगढ़ में खेलते समय पोखरे में डूबने से चार वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के नौगढ़ कस्बे में बुधवार सुबह पोखरे में डूबने से चार वर्षीय मासूम इरफान की मौत हो गई। इरफान जिलानी का बेटा था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंच गए।

बताया गया कि बुधवार सुबह करीब नौ बजे इरफान कुछ बच्चों के साथ पोखरे के पास खेल रहा था। कुछ देर बाद अन्य बच्चे अपने-अपने घर लौट गए, जबकि इरफान खेलते-खेलते पोखरे में गिर गया। उस समय आसपास किसी के मौजूद नहीं होने के कारण तत्काल घटना की जानकारी नहीं हो सकी। कुछ देर बाद बच्चे का शव पानी में तैरता दिखाई दिया।

जानकारी मिलने पर परिजन तत्काल बच्चे को पानी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ ले गए। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. सत्या ने जांच के बाद इरफान को मृत घोषित कर दिया।

बेटे की मौत की खबर सुनकर मां शैमुन निशा और पिता जिलानी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। जिलानी के दो बच्चे थे। मृतक इरफान चार वर्ष का था, जबकि उसकी तीन वर्षीय बहन इनाया है। घटना से कस्बे में भी शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना पर नौगढ़ थाना पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। थाना प्रभारी संतोष कुमार यादव ने बताया कि पोखरे में डूबने से चार वर्षीय बच्चे की मौत की सूचना मिली है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

2
वोट करें
  1. सोनभद्र के चार विधानसभा में कौन सा दल आगे चल रहा है ।