रेणुसागर में ऊर्जांचल क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026-27 का भव्य शुभारंभ
अनपरा, सोनभद्र। आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज, रेणुसागर के तत्वावधान में विद्यालयीय क्षेत्रीय ऊर्जांचल क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026-27 का भव्य आयोजन किया गया। शुभारंभ पर विद्यालय परिसर में खेल भावना, अनुशासन और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मुख्य अतिथि हिंडालको रेणुसागर के यूनिट हेड आर.पी. सिंह ने मार्च पास्ट की सलामी ली और हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागी खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से शारीरिक और मानसिक क्षमता के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ भाग लेने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में एबीआईसी रेणुसागर, जीआईसी अनपरा, जीआईसी पिपरी, जीआईसी शक्तिनगर और सरस्वती विद्या मंदिर इंटरमीडिएट कॉलेज ककरी के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन पूनम तिवारी, अरुण सिंह और शुभम मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर ईआर हेड मृदुल भारद्वाज, सेफ्टी हेड अरविंद सिंह, प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह, सीमा दुबे सहित भारी संख्या में शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।








