नौगढ़ में ‘जीरो टॉलरेंस’ एक्शन,  वन भूमि से 250 अवैध कच्चे ढांचे ध्वस्त, 20 हेक्टेयर जमीन मुक्त

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में वन भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बड़ा अभियान चलाया। काशी वन्य जीव प्रभाग रामनगर के अंतर्गत मझगांई रेंज में चलाए गए इस अभियान में लगभग 20 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर बहु-विभागीय समन्वय के साथ संपन्न हुई।

अभियान के दौरान तहसील प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम भारी फोर्स के साथ मौके पर मौजूद रही। तहसीलदार अनुराग सिंह, एसडीओ नौगढ़ वरुण प्रताप सिंह और क्षेत्राधिकारी नामेन्द्र कुमार रावत के नेतृत्व में पीएसी बल, चकिया व नौगढ़ सर्किल की पुलिस तथा कई थानों की फोर्स तैनात की गई। वन विभाग की ओर से सभी रेंजों के अधिकारी और उड़न दस्ता टीम सक्रिय रही। पूर्व योजना के तहत वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव द्वारा कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की गई।

करीब 6 जेसीबी मशीनों की मदद से अभियान चलाते हुए लगभग 250 अवैध कच्चे ढांचों को ध्वस्त कर जमीन को खाली कराया गया। इस दौरान कुछ महिलाओं द्वारा झोपड़ियों में आग लगाकर उपद्रव की स्थिति पैदा करने का प्रयास किया गया, लेकिन महिला पुलिस और वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए हालात को नियंत्रित कर लिया।

बताया गया कि वर्ष 2023-24 में ‘ओखरीहवा रोपावनी’ योजना के तहत विकसित प्लांटेशन को अतिक्रमणकारियों ने नुकसान पहुंचाया था और 10 से 12 फीट तक बढ़े पौधों को काटकर कब्जा कर लिया था। प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर की संस्तुति पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह कार्रवाई की गई।

प्रशासन के अनुसार, इस मामले में 100 से अधिक लोगों के खिलाफ पहले ही मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और भ्रामक उकसावे के मामलों में भी विधिक कार्रवाई जारी है। अतिक्रमण हटाने के बाद क्षेत्र में दोबारा वृक्षारोपण कराने और पुलिस-वन विभाग की नियमित गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में दोबारा कब्जा न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?