युवक के साथ तालिबानी सजा, हाथ बांधकर पीटने और अर्धनग्न कर गांव में घुमाने का आरोप

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- सोनभद्र में दबंगई की हद! युवक को बांधकर पीटा, अर्धनग्न कर गांव में घुमाने का आरोप

O- पुरानी रंजिश में बर्बरता का मामला, बीच-बचाव करने पहुंचे भाई-भाभी से भी मारपीट; जिला अस्पताल रेफर

बभनी (सोनभद्र) । बभनी थाना क्षेत्र के करकच्छी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ कथित रूप से बर्बर मारपीट करने और उसे अर्धनग्न अवस्था में गांव में घुमाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि युवक के हाथ बांधकर उसे जूते की माला पहनाई गई और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया।

घटना गुरुवार दोपहर बाद की बताई जा रही है। पीड़ित के बड़े भाई सरजू प्रसाद पुत्र हनुमान प्रसाद, निवासी इकदीरी, ने शुक्रवार को बभनी थाने में तहरीर देकर पड़ोसी गांव के करीब आधा दर्जन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुरानी रंजिश में मारपीट का आरोप

तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने भोला पुत्र हनुमान प्रसाद, उम्र करीब 27 वर्ष को हाथ बांधकर कथित तौर पर अर्धनग्न अवस्था में गांव में घुमाया। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे जूते की माला पहनाई गई और उसके साथ मारपीट की गई।

आरोप है कि युवक को गांव की सड़कों पर घुमाने के दौरान उसके साथ बेहद अमानवीय व्यवहार किया गया। पीड़ित के भाई ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके निजी अंग में पत्थर बांधने के बाद भी मारपीट की।

बीच-बचाव करने पहुंचे भाई-भाभी से भी मारपीट

घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित के बड़े भाई और भाभी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई।

काफी देर बाद घायल भोला को उपचार के लिए बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

परिवार को जान से मारने की धमकी का आरोप

पीड़ित के भाई सरजू प्रसाद ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

इस संबंध में उपनिरीक्षक मक्खन लाल ने बताया कि सरजू प्रसाद की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?