कुटिया में अस्थायी रूप से स्थापित हुई प्रतिमा, श्रद्धालुओ ने लगाए जैकारे
सावन नवमी पर विधि-विधान से हुआ पूजा-पाठ, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
चुर्क, सोनभद्र। नगर पालिका रॉबर्ट्सगंज के वार्ड नंबर-4 रौप सहिजन खुर्द मोहाल स्थित चंद्रिका माता मंदिर एवं परिसर का नवनिर्माण कार्य कराया जा रहा है। मंदिर के पुनर्निर्माण को लेकर चंद्रिका माता की प्रतिमा को अस्थायी रूप से दूसरे स्थान पर स्थापित किया गया है।
शुक्रवार को सावन नवमी के पावन अवसर पर गांव के लोगों ने विधि-विधान से पूजा-पाठ एवं नवदुर्गा पाठ किया। इसके बाद चंद्रिका माता की प्रतिमा को मंदिर परिसर के समीप बनाए गए नए अस्थायी स्थान पर श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से ले जाकर स्थापित किया।
कुटिया में होगी पूजा-अर्चना
स्थानीय लोगों द्वारा माता की प्रतिमा की पूजा-अर्चना के लिए एक छोटी एवं छायादार कुटिया का निर्माण कराया गया है। विधिवत पूजा के बाद इसी कुटिया में चंद्रिका माता की प्रतिमा स्थापित की गई। मंदिर का पुनर्निर्माण पूरा होने तक श्रद्धालु इसी अस्थायी कुटिया में माता की पूजा-अर्चना करेंगे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर का नवनिर्माण पूरा होने के बाद विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ चंद्रिका माता की प्रतिमा को पुनः नवनिर्मित मंदिर में स्थापित किया जाएगा।
इस दौरान श्रद्धालुओं में धार्मिक उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में भक्तों ने माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।






