घर के अंदर फांसी पर झूलता मिला युवक, दर्दनाक घटना से गाँव में मातम

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- शादी में गए थे माता-पिता, बाजार गई थी पत्नी… लौटे तो बडेर में लटका मिला शव

बभनी (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जमतीडांड सेंदूर गांव में 28 वर्षीय युवक ने घर के अंदर बडेर में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान संदीप कुमार (28) पुत्र राम जनम निवासी जमतीडांड सेंदूर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम संदीप ने घर से करीब 500 मीटर दूर अपनी नई पाही में जाकर रस्सी के सहारे बडेर में फांसी लगा ली।

परिजनों के मुताबिक, घटना के समय संदीप के माता-पिता रिश्तेदारी में शादी समारोह में गए हुए थे, जबकि पत्नी साप्ताहिक बाजार करने बखरिहवां गई थी। घर पर केवल बच्चे मौजूद थे। जब परिवार के लोग लौटे तो संदीप घर पर नहीं मिला। इसके बाद ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद जब लोग पाही पर पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। संदीप का शव बडेर में फांसी के फंदे से लटक रहा था।

घटना सामने आते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। मां बुटली देवी और पत्नी संगीता दहाड़ मारकर रोने लगीं। आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बभनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।

प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

यह घटना एक बार फिर मानसिक तनाव और पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। गांव में हर कोई इस घटना से स्तब्ध है और मृतक के परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?