ठंड से आग तापते समय महिला बेहोश, इलाज के दौरान बीएचयू वाराणसी में मौत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

वैनी (सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। जिले के रायपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वैनी गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कड़ाके की ठंड से राहत पाने के लिए आग ताप रही एक महिला अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजन आनन-फानन में महिला को अस्पताल ले गए, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वैनी गांव निवासी शांति देवी (55 वर्ष) पत्नी रामविलास, शनिवार शाम करीब 7 बजे अपने घर के बाहर ठंड से बचने के लिए आग ताप रही थीं। इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वे जमीन पर गिर पड़ीं। परिजनों द्वारा तत्काल उन्हें वैनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया।

महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रॉबर्ट्सगंज रेफर किया, जहां से हालत और नाजुक होने पर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी भेज दिया गया। बीएचयू में इलाज के दौरान रविवार सुबह शांति देवी की मृत्यु हो गई।

जैसे ही महिला की मौत की सूचना गांव पहुंची, पूरे वैनी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एंबुलेंस से शव घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोग भी इस आकस्मिक घटना से स्तब्ध नजर आए।

इस घटना ने एक बार फिर ठंड के मौसम में बुजुर्गों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

1410
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?