नौगढ़ के गंगापुर गांव में एक माह से बंद पड़ी पानी की टंकी, बूंद-बूंद पानी को तरसे ग्रामीण, आंदोलन की चेतावनी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ विकास खंड क्षेत्र के गंगापुर गांव में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। गांव में स्थापित पानी की टंकी पिछले एक माह से खराब पड़ी है, जिससे ग्रामीणों को नियमित जलापूर्ति नहीं मिल पा रही है। लगातार बनी इस समस्या से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि पानी की टंकी पर लगी मोटर मशीन करीब एक माह से खराब है, जिसके कारण पूरे गांव की जलापूर्ति व्यवस्था ठप हो गई है। वहीं लगभग 20 वर्ष पूर्व निर्मित पानी की टंकी भी जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि टंकी की हालत इतनी खराब है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) विकास सिंह को पहले ही शिकायत दी जा चुकी है। शिवपूजन द्वारिका प्रसाद द्वारा लिखित शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले दो दिनों के भीतर पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो सैकड़ों ग्रामीण जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे।

विरोध प्रदर्शन में अमित शर्मा, बबलू, दुर्गा साहब, संजय कुमार, शीला देवी, बिंदु, रामशकल, प्रभा देवी, रोहित कुमार, शिवपूजन मोदनवाल, हरिओम, चंद्रावती, शीला, महेंद्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

इस संबंध में खंड विकास अधिकारी विकास सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें प्राप्त हुई है। उन्होंने संबंधित सचिव, ग्राम प्रधान एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment

1530
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?