अमित मिश्रा
O- उत्तर प्रदेश पुलिस की ताकत बढ़ी, चुर्क पुलिस लाइन में दीक्षांत परेड सम्पन्न
O- DIG अरविन्द मौर्या ने ली सलामी, 485 नवआरक्षियों ने लिया जनसेवा का संकल्प
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश पुलिस को शनिवार को 485 नए प्रशिक्षित आरक्षियों की सौगात मिली। सोनभद्र के पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित भव्य दीक्षांत परेड समारोह में नवआरक्षियों ने अनुशासन, शारीरिक क्षमता, आधुनिक पुलिसिंग कौशल और राष्ट्रसेवा के प्रति अपने संकल्प का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे समारोह में देशभक्ति, ऊर्जा और पेशेवर प्रशिक्षण की झलक साफ दिखाई दी।

समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक यातायात अरविन्द कुमार मौर्या ने परेड की सलामी ली और 18 टोलियों का निरीक्षण किया। सुसंगठित मार्चपास्ट, सटीक कदमताल और उत्कृष्ट ड्रिल प्रदर्शन ने मौजूद अधिकारियों और दर्शकों को प्रभावित किया। नवआरक्षियों ने सलामी मंच से गुजरते हुए अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रभावशाली परिचय दिया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित सेवा का माध्यम है। उन्होंने सभी जवानों को ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कर्तव्य निभाने की सीख दी। समारोह में नवआरक्षियों को संविधान और राष्ट्रहित के प्रति निष्ठा की शपथ भी दिलाई गई।

इस दौरान प्रशिक्षण के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को सम्मानित किया गया। प्रशिक्षु आरक्षी प्रशांत शुक्ला ने सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी का खिताब हासिल किया। वहीं नीरज ओझा अंतः कक्षीय विषयों में सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी घोषित किए गए। शारीरिक दक्षता, शस्त्र प्रशिक्षण, जंगल वारफेयर, भीड़ नियंत्रण, आतंकवाद निरोधी प्रशिक्षण और यातायात प्रबंधन जैसे आधुनिक पुलिसिंग के महत्वपूर्ण विषयों में भी कई प्रशिक्षुओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समारोह में चर्चित गौड़, अभिषेक वर्मा समेत जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि ये नए जवान उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यक्षमता और जनविश्वास को और मजबूत करेंगे।

उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को तकनीकी और मानवीय दृष्टिकोण से मजबूत करने की दिशा में यह दीक्षांत परेड महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ऐसे समय में जब पुलिसिंग की चुनौतियाँ लगातार बदल रही हैं, प्रशिक्षित और आधुनिक कौशल से लैस नए जवानों की तैनाती राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती देने वाली मानी जा रही है।






