दुद्धी क्षेत्र में दो दर्दनाक हादसे: मासूम और युवक की डूबकर मौत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

विष्णु अग्रहरी

दुद्धी (सोनभद्र)। मंगलवार का दिन दुद्धी क्षेत्र के लिए बेहद दुखद रहा, जब दो अलग-अलग घटनाओं में एक मासूम बच्चा और एक युवक की पानी में डूबकर मौत हो गई।

पहली घटना कोतवाली क्षेत्र के बिडर गांव की है, जहां मंगलवार दोपहर लगभग ढाई बजे 28 वर्षीय पंकज कुमार पुत्र रविचंद्र पटेल की तालाब में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पंकज अपनी पत्नी के साथ तालाब किनारे अपनी भैंसों को निकालने गया था। पत्नी किनारे से आवाज लगा रही थी, जबकि पंकज पानी में उतरकर भैंसों को बाहर निकालने लगा। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे बाहर निकाला। तुरंत ही उसे सीएचसी दुद्धी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने मेमो के माध्यम से कोतवाली पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दूसरी घटना महुअरिया सायल गांव की है, जहां मंगलवार शाम करीब चार बजे दो वर्षीय मासूम आकाश पुत्र पवन घर के बाहर खेलते-खेलते खेत के पास एक गहरे पानी भरे गड्ढे में चला गया और डूब गया। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, बच्चा डूब चुका था। आनन-फानन में उसे निजी वाहन से सीएचसी दुद्धी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन शव को लेकर वापस घर चले गए।

इन दोनों घटनाओं ने गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?