सोनभद्र। जिले के घोरावल ब्लॉक के 69 उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विधालयों के 1 अध्यापक जो हेल्थ एंड वेलनेस एंबेसडर के रूप में नामित हैं, उनका प्रशिक्षण खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय सभागार में गुरुवार को संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में 54 विधालयों के अध्यापक उपस्थित हुए। प्रशिक्षण के दौरान सेंटर फार नालेज एंड डेवलपमेंट टीम के स्टेट तथा जिला समन्वयक संजीत सिंह ने प्रतिभागियों को स्कूल स्वास्थ्य कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही स्कूल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सीकेडी टीम द्वारा बनाए गए कुंजी को कैसे यूज़ करना है, उसका क्या उपयोग है, इसके बारे में विस्तार से बताया। सीकेडी टीम के जिला समन्वयक संजीत सिंह ने प्रतिभागियों को स्कूल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत उपयोग होने वाले SHWP एमआईएस के बारे में विस्तार से बताया कि कैसे ऐप डाउनलोड करना है, कैसे उसमें रिपोर्टिंग करनी है। सीएचसी घोरावल के किशोर स्वास्थ्य काउंसलर स्वाती पांडे ने प्रतिभागियों को पोषण, एनीमिया, मानसिक स्वास्थ्य, लिंग आधारित भेदभाव, नशीले पदार्थ के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी दी, ताकि वो बच्चों को इसके बारे में जागरूक करें। प्रशिक्षण में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समस्त स्टाफ, सीकेडी के स्टेट हेड अनुमेह माथुर, जिला समन्वयक संजीत सिंह, ब्लॉक समन्वयक राजीव पांडेय, किशोर स्वास्थ्य काउंसलर सीमा सिंह मौजूद रहीं।







