सड़क बनी मज़ाक, मरम्मत शुरू होते ही उखड़ने लगी परतें

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- मरम्मत के साथ ही उखड़ती जा रही सड़क

O- सांगोबांध अस्पताल से शिव मंदिर तक निर्माण पर उठे सवाल, ग्रामीणों में आक्रोश

बभनी (सोनभद्र)। जनपद सोनभद्र के म्योरपुर ब्लॉक अंतर्गत सांगोबांध प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से शिव मंदिर तक प्रस्तावित लगभग चार किलोमीटर सड़क मरम्मत कार्य इन दिनों गंभीर सवालों के घेरे में है। मरम्मत कार्य शुरू होते ही सड़क के उखड़ने और खराब होने की शिकायतों ने ग्रामीणों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। मामले से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक महकमे की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क क्षेत्रवासियों के लिए केवल संपर्क मार्ग नहीं, बल्कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने का एकमात्र सहारा है। इसके बावजूद मरम्मत कार्य में मानकों की अनदेखी किए जाने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। लोगों का कहना है कि सड़क एक ओर से मरम्मत की जा रही है और दूसरी ओर से वह तत्काल टूटकर खराब होती जा रही है, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर संदेह उत्पन्न हो रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2010–11 में इस सड़क का निर्माण हुआ था, जिसके बाद से अब तक कोई ठोस मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। लंबे समय तक उपेक्षा के कारण सड़क अत्यधिक जर्जर हो चुकी थी और गड्ढों में तब्दील हो गई थी। ऐसे में अब जब मरम्मत कार्य शुरू हुआ है, तो घटिया निर्माण सामग्री और लापरवाही के आरोप सामने आ रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों अशोक कुमार गुप्ता, अखिलेश कुमार, प्रदीप कुमार यादव, अजय कुमार, महेश कुमार सहित अन्य लोगों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग की मनमानी के चलते बार-बार घटिया सड़क निर्माण किया जाता है और बाद में जांच के नाम पर मामले को दबा दिया जाता है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क मरम्मत कार्य मानकों के अनुरूप और पारदर्शी ढंग से नहीं कराया गया, तो वे व्यापक जनआंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

“फिलहाल पूरा मामला जिला प्रशासन की चौखट पर है और क्षेत्रवासियों की निगाहें इस पर टिकी हैं कि क्या इस बार दोषियों पर कार्रवाई होगी या मामला एक बार फिर फाइलों में दफन हो जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?