20 वर्षों से सड़क मरम्मत की बाट जोह रहे ग्रामीण, स्कूल जाने वाले बच्चों और मरीजों को आवागमन में हो रही परेशानी
म्योरपुर/सोनभद्र। दुद्धी विकासखंड के ग्राम पंचायत झारोखुर्द में जर्जर संपर्क मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। रेलवे क्रॉसिंग से खुर्सी टोला, मनवसा और करमडाड़ को जोड़ने वाली सड़क बनवाने की मांग करते हुए ग्रामीणों ने नारेबाजी कर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब 20 वर्ष पूर्व पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा क्षेत्र में पक्की सड़कों का निर्माण कराया गया था, लेकिन इसके बाद से इन सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई। वर्तमान में सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे और बड़े-बड़े पत्थर निकल आने से आवागमन मुश्किल हो गया है। बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या भी बनी रहती है। इससे स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और मरीजों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आए दिन दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जर्जर सड़कों की जांच कराकर जल्द निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा समाज सेवी संतलेश कुमार ने किया।
इस दौरान पूर्व प्रधान धर्मेंद्र पाल, लालचंद बीडीसी, मोहरमनिया देवी, रामअवध, रामसिंह, सुशील गोंड, रामदयाल गोंड, गुड़िया देवी, सीमा देवी, पूजा देवी, इंद्रावासों देवी, जुकमन देवी, रामेश्वर गोंड सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।









