कार्रवाई न होने पर सोमवार को धरना-प्रदर्शन की चेतावनी, अन्य अवैध प्रतिष्ठानों की भी जांच की मांग
सोनभद्र। शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी सोनभद्र नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव के नेतृत्व में नगर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज से मुलाकात कर कृषि श्रेणी की भूमि पर संचालित व्यापारिक प्रतिष्ठान श्रद्धा सबूरी ढाबा को बंद कराने की मांग को लेकर पुनः ज्ञापन सौंपा। साथ ही नगर क्षेत्र में बिना भूमि का वाणिज्यिक उपयोग परिवर्तन कराए संचालित हो रहे अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को अवगत कराया कि विगत 3 अक्टूबर को जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी को पत्र के माध्यम से इस प्रकरण की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं में निराशा एवं रोष व्याप्त है।
कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि कृषि भूमि का व्यावसायिक उपयोग किए जाने के मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा नियमों का उल्लंघन कर संचालित प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई हो।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि शीघ्र ही प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आगामी सोमवार को भाजपा कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस अवसर पर जिला सह मीडिया प्रभारी अमन मौर्या, नगर उपाध्यक्ष धीरेंद्र पांडेय, राकेश सोनी, अजय श्रीवास्तव, नीरज विश्वकर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









