पीड़ित ने डीएम को पत्र देकर लगाई न्याय की गुहार, सह-खातेदारों ने भी जताई लिखित आपत्ति
सोनभद्र। पीड़ित नीरज देव पांडेय ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को पत्र देकर चकबंदी प्रक्रिया के दौरान कृषक की भूमि पर विद्युत पोल स्थापित किए जाने के कार्य को तत्काल प्रभाव से स्थगित कराए जाने एवं नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित कराए जाने की मांग की।
प्रभात कुमार पुत्र स्व. अंतर देव, निवासी पोस्ट अक्छोर, तहसील राबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र की भूमि गाटा सं. 109 मि, खाता सं. 129, 0.5820 ह व खाता सं. 08, 0.4720 ह, कुल रकबा 1.0540 ह में विद्युत विभाग द्वारा विद्युत पोल स्थापित करने का कार्य कराया जा रहा है, जो पूर्णतः अनुचित, असामयिक एवं विधि-विरुद्ध है।
उक्त भूमि पर वर्तमान मे चकबंदी की प्रक्रिया प्रचलन में है तथा चक का अंतिम निर्धारण एवं सीमांकन अभी लंबित है। अंतिम निर्धारण से पूर्व भूमि की स्थिति, सीमा एवं स्वरूप अनिश्चित रहता है। ऐसी अवस्था में भूमि के मध्य कोई भी स्थायी संरचना स्थापित किया जाना न तो विधिसम्मत है, न ही कृषक एवं विभाग के हित में है।
उक्त भूमि में प्रार्थी की माता एगुरदानी एवं भाई विनोद कुमार भी सह-खातेदार एवं हिस्सेदार हैं। समस्त सह-खातेदारों द्वारा पोल स्थापित किए जाने पर अपनी स्पष्ट, विधिक एवं लिखित आपत्ति व्यक्त की जा चुकी है। इसके उपरांत भी कार्य कराया जाना खातेदारों के हितों के प्रतिकूल है तथा विवाद को जन्म देगा।
चक परिवर्तन की दशा में पोल को पुनः हटाना एवं स्थानांतरित करना पड़ेगा, जिससे शासन को अनावश्यक वित्तीय भार वहन करना पड़ेगा। कृषक की कृषि योग्य भूमि का अंश स्थायी रूप से अनुपयोगी हो जाएगा। ट्रैक्टर, हार्वेस्टर एवं अन्य कृषि यंत्रों के संचालन में स्थायी व्यवधान उत्पन्न होगा। सह-खातेदारों के मध्य पारिवारिक विवाद, मुकदमेबाजी एवं कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की प्रबल संभावना है। चकबंदी अभिलेखों एवं स्थल स्थिति में भिन्नता आने से राजस्व अभिलेख दूषित होंगे।
चकबंदी पूर्ण होने के पश्चात अंतिम चक/सीमांकन के अनुसार पोल को मेड़, चकरोड अथवा सरकारी मार्ग के किनारे स्थापित किया जाना ही विधिसम्मत, न्यायसंगत, जनहितकारी एवं व्यावहारिक होगा। इससे न तो कृषक को हानि होगी और न ही विभाग को पुनः व्यय करना पड़ेगा।
पीड़ित ने बताया कि जनहित, किसान हित एवं विधि-व्यवस्था के दृष्टिगत चकबंदी पूर्ण होने तक उक्त भूमि पर पोल स्थापित करने के कार्य को तत्काल प्रभाव से स्थगित/रोका जाए, चकबंदी पूर्ण होने के पश्चात अंतिम चक/सीमांकन के अनुसार ही नियमानुसार पोल स्थापित कराया जाए, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खण्ड, राबर्ट्सगंज एवं चकबंदी अधिकारी, राबर्ट्सगंज को इस आशय का आवश्यक निर्देश निर्गत किया जाए, कार्य स्थगित न होने की दशा में मौके पर जांच कराकर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए और की गई कार्यवाही से अधोहस्ताक्षरी को अवगत कराने की कृपा करें।
आपके इस न्यायोचित हस्तक्षेप से एक कृषक परिवार को राहत प्राप्त होगी तथा शासन की किसान-हितैषी मंशा सार्थक होगी।










