छठ व्रतियों की सुविधा, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
अनपरा (सोनभद्र)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सकुशल, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत अनपरा के अधिशासी अधिकारी चैतन्य तिवारी ने नगर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, जलाशयों की स्थिति, प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, रंगोली, आवागमन के रास्तों पर पट्टिका तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
अधिशासी अधिकारी चैतन्य तिवारी ने कौवानाला, आदर्श तालाब परासी, रेनुसागर शिवमंदिर एवं वैंकट मोड़ छठ घाट की हो रही तैयारी पर संतोष जताया। वहीं अन्य छठ घाटों के निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व से पूर्व सभी घाटों की व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। घाटों पर जमा कूड़ा-कचरा, झाड़ियां एवं गंदगी तत्काल हटाई जाए तथा श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले मार्गों को सुगम एवं सुरक्षित बनाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से घाटों की सीढ़ियों एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में नगर पंचायत की जिम्मेदारी है कि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई तथा आवश्यक नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
अधिशासी अधिकारी ने सुरक्षा की दृष्टि से जलाशयों के संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करने, आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने तथा गहरे पानी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व की गरिमा, पवित्रता एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा कार्यों की नियमित निगरानी की जाए।
अनपरा नगर पंचायत प्रशासन की इस पहल से छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को महापर्व के दौरान स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में तैयारियां तेज हो गई हैं।









