चारों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस में 439 शिकायतें मिलीं, मौके पर 43 का निस्तारण
सोनभद्र। शासन की मंशा के अनुरूप जिले की चारों तहसीलों में मई महीने के तृतीय शनिवार को “सम्पूर्ण समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। घोरावल तहसील में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शिकायतकर्ताओं की शिकायतें सुनीं।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद से संबंधित प्राप्त मामलों को स्थलीय स्थिति की जांच करते हुए टीम द्वारा प्रकरणों की जॉच कर निस्तारण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेते हुए समाधान किया जाए, जिससे शिकायतकर्ता को किसी प्रकार की समस्या न हो और उनके प्रकरण का निस्तारण समय से किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेकर जांच कर निस्तारण आख्या प्रस्तुत की जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस घोरावल के मौके पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, उप जिलाधिकारी घोरावल आशीष कुमार त्रिपाठी, सीओ राहुल पाण्डेय ने 183 शिकायतें सुनीं। मौके पर ही 09 मामले निस्तारित किए गए और 06 टीम को क्षेत्र में भेजकर 06 प्रकरणों का निस्तारण कराया गया। इस प्रकार तहसील दिवस घोरावल में कुल 15 मामले निस्तारित हुए। शेष 168 प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस राबर्ट्सगंज उप जिलाधिकारी अश्वनी कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। यहां 147 शिकायतें सुनी गईं, मौके पर 22 मामले निस्तारित किए गए। कुल 22 मामले निस्तारित हुए, शेष 125 प्रकरणों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। ओबरा में उप जिलाधिकारी विवेक कुमार सिंह की अध्यक्षता में 62 शिकायतें सुनी गईं, मौके पर 03 और टीम भेजकर 02 मामले निस्तारित हुए। कुल 05 मामले निपटाए गए। दुद्धी में उप जिलाधिकारी निखिल यादव की अध्यक्षता में 47 शिकायतें सुनी गईं, मौके पर 01 मामला निस्तारित हुआ।
चारों तहसीलों में कुल 439 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 43 शिकायतों का निस्तारण मौके पर और टीम भेजकर किया गया।






