नौगढ़ में अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों का आतंक, दुर्गा मंदिर का ताला तोड़ने का प्रयास, पानी टंकी की चार टोटियां चोरी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ कस्बे में शनिवार देर रात बिजली गुल होने का फायदा उठाकर चोरों ने दुर्गा मंदिर परिसर और सार्वजनिक पानी टंकी को निशाना बनाया। चोरों ने पहले दुर्गा मंदिर पोखरे के मुख्य गेट का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन ताला नहीं टूट सका और केवल क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद चोर मंदिर के पास स्थित सड़क किनारे बनी सार्वजनिक पानी टंकी में लगी चारों टोटियां (नल) खोलकर फरार हो गए। घटना के बाद कस्बे के लोगों में आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात तेज आंधी, बारिश और बिजली कड़कने से सोनभद्र से आने वाली 33 केवी विद्युत लाइन में ब्रेकडाउन हो गया, जिससे नौगढ़ कस्बे की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। अंधेरे का लाभ उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

रविवार सुबह मंदिर के पुजारी आशीष गिरी पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो उन्होंने मुख्य गेट का ताला क्षतिग्रस्त देखा। परंतु ताला टूटा नहीं था जिससे चोर चोरी नहीं के सके। इसकी सूचना उन्होंने ग्राम प्रधान पति दीपक गुप्ता को दी। सूचना मिलने पर दीपक गुप्ता ने पुलिस को मामले से अवगत कराया।


उधर, सुबह जब स्थानीय व्यापारी और दुकानदार सार्वजनिक पानी टंकी से पानी लेने पहुंचे तो देखा कि टंकी में लगी चारों टोटियां गायब हैं। व्यापारी बाबू केशरी, बब्बी जायसवाल, राहुल केशरी, अभिषेक मद्धेशिया, पिंकी शर्मा, अन्नु निषाद, अभय गोंड और बिंदु केशरी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि मंदिर में चोरी का प्रयास धार्मिक आस्था पर हमला है। उन्होंने पुलिस से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भी मंदिर परिसर से पंखों की चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक चोरों का पता नहीं चल सका। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में असुरक्षा का माहौल है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

1524
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?