वीरेन्द्र कुमार
विंढमगंज/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। दीपावली का पर्व जहां हर कोई अपने परिवार के साथ धूमधाम से मनाता है, वहीं थाना निरीक्षक रविकांत मिश्रा ने इस बार की दीपावली को समाज के वंचित वर्ग के बच्चों के साथ मनाकर एक अनूठी मिसाल पेश की।
थाना निरीक्षक रविकांत मिश्रा ने धरतीडोलवा गांव के धांगर बस्ती में पहुंचे, जहां उन्होंने बस्ती के मासूम बच्चों के साथ दीपावली मनाई। इस दौरान उन्होंने बच्चों को मिष्ठान (मिठाई) व फुलझड़ी वितरित की। मिठाई और फुलझड़ी पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरी बस्ती में दीपावली की रौनक और बढ़ गई।
इस मौके पर थाना निरीक्षक ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उन्हें पटाखों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, आग से सावधानी बरतने और खूब मन लगाकर पढ़ने की सीख दी। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम सिर्फ कानून व्यवस्था संभालना नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ खड़े रहना और उनके सुख-दुख में शामिल होना भी है।
उन्होंने बस्ती के लोगों से अपील की कि त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं, आपसी भाईचारा बनाए रखें और किसी भी समस्या पर बेझिझक पुलिस से संपर्क करें।
थाना निरीक्षक की इस मानवीय पहल की गांव के लोगों ने जमकर सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस के इस रूप को देखकर लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान और बढ़ा है।
इस मौके पर ग्राम प्रधान सुरेंद्र पासवान, सुमेर पासवान, लगन उरांव, नंदलाल उरांव, वीरेंद्र उरांव, राजेंद्र उरांव, नंदू भगत, जगदीश उरांव शाहिद दर्जन नन्हे मुन्ने बच्चे मौजूद रहे।









