10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार हुआ मानदेय, 5 शिक्षा मित्रों को मिला प्रतीकात्मक चेक
सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को शिक्षा मित्र सम्मान समारोह एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण का शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया।उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के सभी शिक्षा मित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार प्रतिमाह कर दिया है। इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा जनपद के सभी कार्यरत शिक्षा मित्रों के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि सरकार ने हमेशा स्कूली शिक्षा को मजबूत करने का प्रयास किया है। इसी क्रम में सभी शिक्षकों को 5 लाख रुपये का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जा रहा है। अंतिम पायदान के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा से जोड़ने में शिक्षा मित्रों का बड़ा योगदान है। सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण होता है और शिक्षा मित्र शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। घोरावल विधायक डॉ अनिल कुमार मौर्य ने मानदेय वृद्धि की योजना की सराहना की। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि स्मार्ट क्लास, विद्यालयों के सुंदरीकरण और शिक्षा मित्रों के मानदेय में वृद्धि से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। इस दौरान पांच उत्कृष्ट शिक्षा मित्रों का सम्मान कर उन्हें प्रतीकात्मक रूप से बढ़े हुए मानदेय का चेक प्रदान किया गया। अतिथियों ने बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए टीएलएम स्टाल का अवलोकन कर सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह , बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडे समेत शिक्षक, शिक्षा मित्र एवं शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।






