किसानों के गेहूं क्रय में हीलाहवाली व गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम पर जताया विरोध
सोनभद्र। समाजवादी मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष सत्यम पांडे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिलाधिकारी प्रतिनिधि को चार सूत्री ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों, नौजवानों और जिले में भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए गए।
सत्यम पांडे ने कहा कि जनपद सोनभद्र में दर्जनों लिमिटेड कंपनियां होने के बावजूद नौजवान बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं और अन्य प्रदेशों में पलायन को मजबूर हैं। भाजपा सरकार में नौजवानों का कोई सुनने वाला नहीं है। किसानों के गेहूं क्रय में भारी पैमाने पर हीलाहवाली की जा रही है। तत्काल संज्ञान लेकर गेहूं क्रय किया जाए।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका में रिकॉर्ड रूम से खसरा रजिस्टर गायब हो गया है, जिससे जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जनपद के विकास कार्यों में अधिकारियों द्वारा भारी पैमाने पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है, जिसकी जांच कराई जाए।
सत्यम पांडे ने कहा कि केंद्र व प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से महंगाई चरम सीमा पर है। किसानों, नौजवानों, महिलाओं व गरीब तबके के साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है। गैस सिलेंडर का दाम बढ़ाकर सरकार गरीबों की कमर तोड़ रही है। समाजवादी पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो जन आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
नगर अध्यक्ष सरदार पारब्रह्म सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई चरम पर है और गरीब तबका पलायन को मजबूर है। समाजवादियों की जिम्मेदारी है कि भाजपा की गलत नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में ही देश-प्रदेश का विकास संभव है।
ज्ञापन देने वालों में विवेक सिंह पटेल, गुलाम यासीन, सुशील राय, पीयूष यादव, धीरज पाठक, पिंटू पटेल, बालेश्वर यादव, आदिल अंसारी, विनय तिवारी, अमित मौर्य, फहीम अहमद, विकास सिंह, विशेष पांडे सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।






