रॉबर्ट्सगंज के स्वर्ण जयंती चौक पर की गई रिहाई की मांग, नारेबाजी
सोनभद्र । दिल्ली में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए विपक्षी प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार रात करीब 9 बजे रॉबर्ट्सगंज स्थित स्वर्ण जयंती चौक पर सपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने किया। प्रदर्शन में दोनों दलों के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए।“लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है हिरासत” – राम निहोर यादव
सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि “जनता के मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। अखिलेश यादव, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जनता की आवाज उठा रहे थे। लोकतंत्र में विरोध और असहमति का सम्मान होना चाहिए, न कि उसे दबाने का प्रयास किया जाना चाहिए।”
“जनता के मुद्दों को उठाने वालों को दबाया जा रहा” पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा
सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि “दिल्ली में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दल आंदोलन कर रहे थे। जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने वाले नेताओं को हिरासत में लेना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को विपक्ष की आवाज सुननी चाहिए। समाजवादी पार्टी इस कार्रवाई का विरोध करती है और विपक्षी नेताओं की तत्काल रिहाई की मांग करती है।”
“शिक्षा और युवाओं के मुद्दे पर आवाज दबाई जा रही” – रामराज सिंह गोंड़
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड़ ने कहा कि “शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर विपक्ष लगातार आवाज उठा रहा है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेना अलोकतांत्रिक है। कांग्रेस पार्टी इस कार्रवाई का विरोध करती है और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत सभी नेताओं की तत्काल रिहाई की मांग करती है।” प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी की और स्वर्ण जयंती चौक पर काफी देर तक माहौल गरमाया रहा।इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम बिहारी यादव, डॉ. लोकपति सिंह पटेल, सुनील गोंड़, फरीद खान, हिदायत उल्ला खान, गीता गौर, कृष्णा शर्मा, विवेक पटेल सहित बड़ी संख्या में सपा एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






