वीरेंद्र कुमार
O- महुली के मैदान पर चौकों-छक्कों की बरसात, बिल्ला और प्रशांत बने जीत के नायक
विंढमगंज (सोनभद्र) । विकास खंड दुद्धी के ग्राम पंचायत महुली में आयोजित राजा बरियार शाह क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार की रात क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच और रोमांचक मुकाबलों का भरपूर आनंद देखने को मिला। चौथे दिन खेले गए दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को देर रात तक मैदान से बांधे रखा। एक ओर जहां तुर्रा पिपरी ने रेणुकूट को बेहद कम स्कोर पर समेटकर रिकॉर्ड जीत दर्ज की, वहीं दूसरे मुकाबले में शिवाजी तालाब दुद्धी ने दमदार बल्लेबाजी के दम पर अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली।
25 रन पर ढेर हुई रेणुकूट, 7 गेंदों में जीता पिपरी
पहले मुकाबले में रेणुकूट की टीम पिपरी के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। पूरी टीम महज 25 रन पर सिमट गई। पिपरी के गेंदबाज प्रशांत ने 10 रन देकर 5 विकेट झटककर मैच का रुख तय कर दिया। वहीं बिपुल ने 3 और शुभम ने 3 विकेट लेकर बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया।
26 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पिपरी की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 7 गेंदों में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। सुमित ने लगातार तीन छक्के जड़कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। शानदार गेंदबाजी के लिए प्रशांत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

शिवाजी तालाब दुद्धी की धमाकेदार जीत
दिन के दूसरे और सबसे चर्चित मुकाबले में शिवाजी तालाब दुद्धी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 6 विकेट खोकर 129 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के स्टार बल्लेबाज बिल्ला ने मात्र 14 गेंदों पर 48 रन की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया।
130 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तुर्रा पिपरी की टीम निर्धारित 10 ओवर में 6 विकेट खोकर 105 रन ही बना सकी। इस तरह शिवाजी तालाब दुद्धी ने 24 रन से शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट के अगले चरण में प्रवेश कर लिया।
विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए बिल्ला को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
देर रात तक मैदान में जमे रहे दर्शक
मुकाबलों में सतेश कुमार और हिमांशु गोस्वामी ने अंपायरिंग की जिम्मेदारी निभाई। वहीं आर्यन कन्नौजिया ने स्कोरर तथा विकार कुमार ने कमेंट्री कर मैच को और रोमांचक बनाया।
इस अवसर पर राजकपूर कन्नौजिया, अंकित कुमार, दीपक कुमार, हरेंद्र कुमार, इरसाद अली, मनीष कुमार और अभिरंजन कुमार कन्नौजिया सहित सैकड़ों खेलप्रेमी उपस्थित रहे। टूर्नामेंट के रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए देर रात तक दर्शकों की भारी भीड़ मैदान में जुटी रही।





